

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में पदक जीतने वाले भारतीय पैरा एथलीट्स ने सोमवार को सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्य मंत्री बीएल वर्मा से मुलाकात की। केंद्रीय राज्यमंत्री ने खिलाड़ियों को बुके और शॉल देकर सम्मानित किया और देश के लिए शानदार प्रदर्शन करने पर उन्हें बधाई दी।
पदक जीतकर देशवासियों को गौरवान्वित किया
बीएल वर्मा ने पैरा एथलीट्स को संबोधित करते हुए कहा, “भारत के लिए मेडल जीतने पर आपको दिल से बधाई। ग्लास्गो में आपने मेडल जीतकर सभी देशवासियों को गदगद किया है। सभी को आप पर गर्व है।”
तिरंगे का सम्मान बढ़ाना सबसे बड़ी खुशी
पैरा एथलीट्स ने कहा कि भारत के लिए पदक जीतना उनके लिए गर्व और खुशी का विषय है। खिलाड़ियों ने कहा कि देश के लिए खेलना और तिरंगे का सम्मान बढ़ाना उनके लिए सबसे बड़ी उपलब्धि है। केंद्रीय राज्यमंत्री से मुलाकात और सम्मान मिलने पर खिलाड़ियों ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि इस तरह का प्रोत्साहन उन्हें भविष्य की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करता है।
सम्मान से भविष्य में और पदक जीतने का जोश
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के पुरुष शॉट पुट एफ57 स्पर्धा में भारत के लिए गोल्ड मेडल जीतने वाले सोमन राणा ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री से मिलकर उन्हें प्रेरणा मिली है। उन्होंने कहा कि इस तरह का सम्मान और प्रोत्साहन भविष्य के गेम्स में देश के लिए और अधिक पदक जीतने का जोश देता है।
भारतीय पैरा एथलीट्स ने रचा शानदार प्रदर्शन
इसी स्पर्धा के सिल्वर मेडलिस्ट शुभम जुयाल ने कहा कि वह फौजी होने के साथ पैरा एथलीट भी हैं। उन्होंने बताया कि ग्लास्गो में उन्होंने सिल्वर मेडल जीता, जबकि गोल्ड मेडल भी भारतीय आर्मी के नाम रहा। उन्होंने कहा कि ग्लास्गो में भारतीय समर्थकों और स्थानीय भारतीय समुदाय से खिलाड़ियों को काफी समर्थन मिला।
गोल्ड और सिल्वर की जोड़ी ने बढ़ाया गौरव
शुभम जुयाल ने कहा कि पैरा एथलीट्स ने कई स्पर्धाओं में जोड़ी के रूप में गोल्ड और सिल्वर मेडल जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि अगर 2002 से अब तक के रिकॉर्ड को देखा जाए तो ग्लास्गो से पहले भारत ने कुल छह पदक जीते थे, जबकि इस संस्करण में भारतीय पैरा एथलीट्स ने उस आंकड़े को पार कर दिया। उन्होंने कहा कि भारत में पैरा-स्पोर्ट्स तेजी से आगे बढ़ रहा है।
पैरा एथलेटिक्स में पहला गोल्ड ऐतिहासिक उपलब्धि
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के महिला शॉट पुट एफ57 में गोल्ड मेडल जीतने वाली पैरा एथलीट शर्मिला धनखड़ ने कहा कि कॉमनवेल्थ गेम्स के पैरा एथलेटिक्स में भारत का यह पहला गोल्ड है। उन्होंने कहा, “अपने देश के लिए पहला गोल्ड मेडल जीतकर मुझे बहुत खुशी हो रही है।” (इनपुट: आईएएनएस)




