
UPESSC UPTET Result 2026: उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET) 2026 के परिणाम को लेकर अभ्यर्थियों की ओर से की गई शिकायतों पर उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने स्थिति साफ कर दी है। परिणाम में संशोधन की मांग को लेकर बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने आयोग को प्रत्यावेदन भेजे थे। इन शिकायतों की जांच के लिए आयोग ने छह सदस्यीय समिति का गठन किया था।
समिति ने प्राप्त प्रत्यावेदनों की जांच के बाद उन्हें चार श्रेणियों में बांटा। इनमें ओएमआर शीट में गलती, सामान्यीकरण से अंक कम होने, उत्तर कुंजी के आधार पर कम अंक मिलने और सफल अभ्यर्थियों के प्रमाण पत्र में व्यक्तिगत जानकारी गलत होने से जुड़ी शिकायतें शामिल थीं।
समिति की रिपोर्ट के आधार पर आयोग ने अब इन मामलों पर अपना फैसला जारी कर दिया है। आयोग ने ओएमआर, सामान्यीकरण और उत्तर कुंजी से जुड़े मामलों में अंकों या नार्मलाइज्ड स्कोर में बदलाव की मांग स्वीकार नहीं की है। वहीं, सफल अभ्यर्थियों के प्रमाण पत्र में कुछ व्यक्तिगत विवरण गलत होने पर उन्हें सुधार का मौका दिया जाएगा।




