Search
Home » नेशनल » खराब आईफोन डुओ को बदलकर नया फोन देगी एपल: स्क्रीन में आ रही शिकायतों के बाद लिया फैसला, जानें कैसे बदलें? – Apple Offers Free Replacement For Iphone Duo Folding Screen Issue Details

खराब आईफोन डुओ को बदलकर नया फोन देगी एपल: स्क्रीन में आ रही शिकायतों के बाद लिया फैसला, जानें कैसे बदलें? – Apple Offers Free Replacement For Iphone Duo Folding Screen Issue Details

Share Now :

WhatsApp
Share This

सार

iPhone Duo Replacement: एपल ने खराब हुए आईफोन डुओ के यूनिट्स को रिप्लेस करने का एलान किया है। कई ग्राहकों ने फोन खरीदने के कुछ घंटों बाद ही इनर डिस्प्ले के खराब होने की शिकायतें की थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए एपल ने इस समस्या को स्वीकार किया और प्रभावित ग्राहकों को रिप्लेसमेंट देने का भरोसा दिया है।

iPhone Duo Replacement: दुनिया भर में एपल (Apple) के पहले फोल्डेबल स्मार्टफोन, आईफोन डुओ (iPhone Duo) का बेसब्री से इंतजार हो रहा था। लॉन्च होते ही इसके शुरुआती स्टॉक मिनटों में बिक गए। लेकिन लॉन्च के महज कुछ ही दिनों के भीतर ही इस बहुचर्चित फोन में एक बड़ी खामी सामने आ गई है। कई ग्राहकों ने शिकायत की है कि फोन के मुड़ने वाली जगह (हिंज) और इनर डिस्प्ले में लाइनें और दरारें नजर आ रही हैं।

सोशल मीडिया पर कई ग्राहकों ने अपने खराब हो चुके आईफोन डुओ की तस्वीरें शेयर कीं, जिनमें साफ देखा जा सकता है कि फोन के बीच के हिस्से में स्क्रीन खराब हो गई है। अब एपल ने इन ग्राहकों को बड़ी राहत देते हुए खराब हो चुके आईफोन डुओ को रिप्लेस कर नया फोन देने का एलान किया है।

लगातार आ रही शिकायतों पर लिया एक्शन

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, एपल ने लगातार आ रही इन शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए सोमवार को आधिकारिक तौर पर समस्या को स्वीकार किया। कंपनी ने एक बयान जारी करते हुए कहा, “हमें जानकारी मिली है कि आईफोन डुओ की एक छोटी संख्या में इनर डिस्प्ले से जुड़ी समस्या आ रही है। प्रभावित यूनिट्स में यह खराबी बहुत जल्दी सामने आ रही है। जिन यूजर्स को अपने आईफोन डुओ की स्क्रीन में दिक्कत आ रही है, उन्हें डिवाइस बदलने (रिप्लेसमेंट) के लिए तुरंत एपल केयर से संपर्क करना चाहिए।” हालांकि, एपल ने इस बात की जानकारी नहीं दी कि स्क्रीन में यह खराबी आखिर किस वजह से आ रही है।

यह भी पढ़ें: आईफोन डुओ: फोल्ड करते ही स्क्रीन में आई दरारें, अंदर से आ रही चटकने की आवाज, 4.5 लाख के फोन में क्या है खराबी?

क्या है खराबी की वजह?

  • इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस को खोलकर उसकी टीयरडाउन की जानकारी देने वाली मशहूर फर्म आईफिक्सइट (iFixit) ने इस खराबी का पता लगाने की कोशिश की है। आईफिक्सइट ने आईफोन डुओ को खोलकर सीटी स्कैन का इस्तेमाल करके फोन के हिंज का एक 3D सिम्युलेशन तैयार किया।
  • आईफिक्सइट के मुताबिक, यह डैमेज ठीक उस जगह हो रहा है जहां स्क्रीन के नीचे, एक सेंट्रल सपोर्ट बार के पास से डिस्प्ले केबल गुजरती है। जब फोन को मोड़ा जाता है, तो संभवत: यह सपोर्ट बार सही तरीके से अपनी जगह से नहीं हट पाता, जिससे स्क्रीन पर भारी दबाव पड़ता है और वहां स्क्रीन डैमेज हो जाती है। हालांकि, दिलचस्प बात यह भी है कि फर्म ने आईफोन डुओ को अब तक का सबसे आसानी से रिपेयर होने वाला फोल्डेबल फोन बताया है।

ग्राहकों को कैसे मिल सकता है रिप्लेसमेंट?

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, एपल ने खराब फोन को बदलकर नया फोन लेने के लिए एपल केयर (AppleCare) से संपर्क करने की जानकारी दी है। बता दें कि एपल ने 9 सितंबर को पहला फोल्डेबल फोन लॉन्च किया था।

यह भी पढ़ें: आईफोन डुओ 2 लाने की तैयारी में एपल: फेस आईडी, एक्शन बटन और टेलीफोटो कैमरा जैसे फीचर्स मिलेंगे, जानें डिटेल्स

एक्सपर्ट्स की क्या है राय?

मार्केट रिसर्च फर्म आईडीसी के वाइस प्रेजिडेंट फ्रांसिस्को जेरोनिमो का कहना है कि ग्राहकों को तुरंत फोन रिप्लेस करने का एपल का फैसला सही दिशा में उठाया गया कदम है। उन्होंने 2019 की याद दिलाते हुए कहा, “हमें याद है जब सैमसंग के पहले गैलेक्सी फोल्ड (Galaxy Fold) में भी ऐसी ही समस्या आई थी। लेकिन एपल का तुरंत और पारदर्शी रिस्पॉन्स ब्रांड इमेज और इस नई कैटेगरी के फोन को बड़े नुकसान से बचा सकता है।”

एपल ने आईफोन डुओ की कीमत 3 लाख रुपये से 4.5 लाख रुपये के बीच रखी है। फिलहाल, अगर आप भी आईफोन डुओ खरीदने की सोच रहे हैं या खरीद चुके हैं, तो इसके डिस्प्ले पर बारीकी से नजर रखें। किसी भी तरह की लाइन या दरार दिखने पर तुरंत एपल केयर से संपर्क करें।

Published On

Leave a Comment

Other News