भारतीय सेना के 14वें पूर्व थल सेनाध्यक्ष जनरल विश्वनाथ शर्मा (वीएन शर्मा) का शुक्रवार को 96 वर्ष की आयु में दिल्ली में निधन हो गया। कांगड़ा जिले की पालमपुर तहसील के डाढ़ गांव से संबंध रखने वाले जनरल शर्मा भारतीय सेना के उन चुनिंदा सैन्य अधिकारियों में शामिल थे, जिन्होंने युद्धक्षेत्र से लेकर सेना के सर्वोच्च पद तक का गौरवशाली सफर तय किया।
जनरल वीएन शर्मा का जन्म वर्ष 1930 में हुआ था। उन्हें वर्ष 1950 में भारतीय सेना की 16वीं लाइट कैवेलरी में कमीशन मिला। वह स्वतंत्र भारत के बाद कमीशन प्राप्त करने वाले पहले अधिकारी थे, जो आगे चलकर भारतीय सेना के थल सेनाध्यक्ष बने। उन्होंने 1 मई 1988 से 30 जून 1990 तक भारतीय सेना के 14वें थल सेनाध्यक्ष के रूप में सेवाएं दीं।
1965 के युद्ध में लाहौर सेक्टर संभाला
मेजर के रूप में जनरल वीएन शर्मा ने 1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में लाहौर सेक्टर में मोर्चा संभाला। इसके अलावा श्रीलंका में भारतीय शांति सेना (IPKF) के अभियान में भी उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वर्ष 1987 के भारत-चीन सैन्य गतिरोध के दौरान उनके नेतृत्व और रणनीतिक क्षमता की व्यापक सराहना हुई।