
उत्तर प्रदेश में बृहस्पतिवार आधी रात के बाद शुरू हुआ बारिश का सिलसिला शनिवार शाम तक भी नहीं थमा। इतना बरसा कि बारिश लोगों के लिए आफत बन गई। कई जगह कच्चे मकान ढह गए। जगह-जगह पेड़, पोल गिरने से रास्ते बाधित हो गए। बिजली के पोल उखड़ने और लाइन टूटने से आपूर्ति बाधित हुई।
बारिश के कारण हुए हादसों में प्रदेश भर में 53 लोगों की जान चली गई। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को भी प्रदेश के 13 जिलों में भारी बारिश के संकेत हैं। मुरादाबाद, रामपुर, पीलीभीत और बरेली में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। तराई के नौ अन्य जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

2 of 5
बारिश से गिरा घर।
– फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
कानपुर में 45 साल का रिकार्ड टूटा
शनिवार को लखीमपुर खीरी में सर्वाधिक 342 मिमी बारिश हुई। सीतापुर में 273.2, बांदा में 245.6 और बहराइच में 239 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बांदा और हमीरपुर में एक दिन की बारिश का अब तक का रिकार्ड टूट गया। हमीरपुर में 210 मिमी और बांदा में 245.6 मिमी बारिश दर्ज की गई है। कानपुर में 45 साल का रिकार्ड टूटा। 175.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
बारिश से हुए हादसों में सबसे ज्यादा 26 मौतें अवध के जिलों में हुईं। इनमें सीतापुर में छह, बहराइच में पांच, बलरामपुर, अयोध्या में चार-चार, बाराबंकी में तीन, गोंडा में दो, अमेठी व श्रावस्ती में एक-एक व्यक्ति की मौत शामिल है। ब्रज के क्षेत्र मैनपुरी में दो और एटा में एक की जान गई है। लखीमपुर खीरी में छह, गोरखपुर में पांच की मौत हुई है। हरदोई में चार, हमीरपुर में तीन और महोबा, बांदा, जौनपुर, संतकबीरनगर, प्रयागराज, प्रतापगढ़ में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है।

3 of 5
बरेली के गांव गैनी में गिरा कैलाश मौर्य का घर।
– फोटो : अमर उजाला
तापमान गिरा
बारिश से कई जिलों में दिन का तापमान सामान्य से काफी नीचे चला गया। बरेली में अधिकतम तापमान 21.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सितंबर के प्रेक्षण इतिहास में सबसे कम है। इटावा, शाहजहांपुर, मुरादाबाद और आगरा में भी सितंबर का अब तक का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार से बारिश में कमी आने की संभावना है। रविवार को प्रदेश के 27 जिलों में गरज-चमक के साथ 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं।

4 of 5
बारिश से गिरी घर की छत व दीवार।
– फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
रेल-हवाई सेवाएं प्रभावित
वाराणसी में खराब मौसम के कारण एयर इंडिया की एक उड़ान निरस्त रही, जबकि पटना जा रहे दो विमानों को वाराणसी डायवर्ट किया गया। इसके अलावा लखनऊ आ रहीं पांच उड़ानों को डायवर्ट कर दिल्ली और एक को नोएडा भेजा गया।
रायबरेली में ऊंचाहार-फाफामऊ रेलखंड में अरखा और परियावां स्टेशनों के बीच रेलवे ट्रैक पर पेड़ गिरने से ट्रेनों का आवागमन ठप हो गया। सुबह पांच बजे पेड़ हटाए जाने के बाद आवागमन बहाल हुआ। बस्ती में बारिश के बीच शनिवार को गोरखपुर-गोंडा रेलखंड पर अलग-अलग स्थानों पर पेड़ गिरने से रेल परिचालन प्रभावित रहा।

5 of 5
बारिश और तेज हवाओं से गिरी केले की फसल।
– फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
फसल को नुकसान
बारिश से धान और बाजरा की फसल को नुकसान पहुंचाया है। प्रयागराज, कौशाम्बी और प्रतापगढ़ जिले में सैकड़ों बीघे धान की फसल गिर गई। हमीरपुर में खेत में बोई तिल की फसल पानी में डूबी देख किसान गिर पड़े।




