
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में बुधवार सुबह एक बस हादसे का शिकार हो गई। इस घटना में करीब 10 लोग घायल हुए हैं। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। वहीं, हादसे में दो यात्रियों की मौत की खबर है।
जानकारी के अनुसार, यह बस पचौंड से रामनगर जा रही थी। इसी दौरान बसंतगढ़-रामनगर सड़क पर उधमपुर जिले के गुल्ली गाला में बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। चालक ने बस से नियंत्रण खो दिया जिसके कारण यात्रियों से भरी बस खाई में जा गिरी। घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
उधमपुर के डिप्टी कमिश्नर (डीसी) अनंत द्विवेदी ने बताया, ‘उधमपुर जिले के गाला पचौंड में एक यात्री बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से कम से कम 10 लोग घायल हो गए हैं। घटना के तुरंत बाद बचाव और राहत कार्यों के लिए आपातकालीन राहत टीमें, उप-विभागीय मजिस्ट्रेट (एसडीएम) और चिकित्सा कर्मी मौके पर पहुंच गए।’
घटना के बाद केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने भी उधमपुर के डीसी अनंत द्विवेदी से बात की है और पीड़ित को हर संभव मुहैया करने को कहा है। वहीं, केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने एक्स पर बताया कि हादसे में दो यात्रियों की मौत हो गई है।
Unfortunately, two casualties have been reported. 10 injured have reached SDH Ramnagar. Out of 10, 3 are on way to GMC Udhampur. 3 more ambulances are about to reach SDH Ramnagar. Meanwhile, I have taken up the issue of construction of Ramnagar to Basantgarh road with the BRO authorities at Delhi.
— Dr Jitendra Singh (@DrJitendraSingh) October 21, 2026
केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “बसंतगढ़-रामनगर सड़क पर बस दुर्घटना की खबर मिलने के बाद मैंने उधमपुर के डीसी अनंत द्विवेदी से बात की। स्थानीय लोगों की समय पर मदद से सभी यात्रियों को तुरंत बाहर निकाल लिया गया। इस बीच, बचाव दल मौके पर पहुंच गया।”




