
केरल भाजपा अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन के उस बयान पर पलटवार किया है, जिसमें उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ चंद्रशेखर की टिप्पणियों की आलोचना की थी। यह विवाद मुख्य चुनाव आयुक्त और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर चल रही बहस के बीच सामने आया है।
विवाद की शुरुआत शनिवार को हुई थी, जब चंद्रशेखर ने राहुल गांधी की आलोचना करते हुए कहा था कि मतदाताओं ने कांग्रेस को भ्रष्टाचार, तुष्टीकरण की राजनीति, विकास में ठहराव और रोजगार की कमी के कारण नकार दिया है। उन्होंने एसआईआर का बचाव करते हुए कहा था कि इसका उद्देश्य लोकतंत्र की रक्षा करना है।
राहुल गांधी पर राजीव चंद्रशेखर ने क्यों साधा व्यक्तिगत निशाना?
सतीशन ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर चंद्रशेखर की कुछ टिप्पणियों की आलोचना की थी। उन्होंने कहा था कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ व्यक्तिगत और अपमानजनक टिप्पणियां राजनीतिक आलोचना नहीं हो सकतीं। सतीशन ने एसआईआर को लेकर चुनाव आयोग के भीतर सामने आए मतभेदों पर चंद्रशेखर की प्रतिक्रिया की भी आलोचना की थी।
I seldom get into personal attacks on political opponents as you know CM @vdsatheesan .
But in @RahulGandhi ‘s case , I am compelled to, as most Indians are.
Let me explain why.
Rahuls politics since being thrown out by tired, angry voters in 2014, consists solely of and is… https://t.co/yexDm2XetG— Rajeev Chandrasekhar 🇮🇳 (@RajeevRC_X) September 27, 2026
इसके जवाब में चंद्रशेखर ने रविवार को एक्स पर कहा कि वह आमतौर पर राजनीतिक विरोधियों पर व्यक्तिगत हमले नहीं करते, लेकिन राहुल गांधी के मामले में ऐसा करने के लिए उन्हें मजबूर होना पड़ा। चंद्रशेखर ने आरोप लगाया कि 2014 में मतदाताओं द्वारा कांग्रेस को सत्ता से बाहर किए जाने के बाद से राहुल गांधी की राजनीति झूठ, अपमान और विभाजन पर आधारित रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल की राजनीति लगातार देश और उसकी संस्थाओं को कमजोर करती है।
चंद्रशेखर क्यों बोले- राहुल को फ्रॉड कहने में नहीं हिचकूंगा?
उन्होंने राहुल गांधी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणियां करने और सरकार तथा भाजपा के बारे में गलत सूचनाएं फैलाने का भी आरोप लगाया। चंद्रशेखर ने कहा, “मुझे राहुल और उनकी राजनीति को धोखाधड़ी और भ्रष्टाचार पर आधारित राजनीति कहने में बिल्कुल कोई संकोच नहीं है और उन्हें फ्रॉड कहने में भी कोई हिचक नहीं है।”
उन्होंने प्रधानमंत्री और चुनाव आयोग के खिलाफ राहुल गांधी की टिप्पणियों का जिक्र करते हुए कहा कि वास्तव में इन टिप्पणियों की निंदा की जानी चाहिए। चंद्रशेखर ने कहा, “राजनीति में सम्मान अर्जित करना पड़ता है। यह देश के लिए ईमानदारी से काम करने और सेवा करने से मिलता है। राहुल के पूरे राजनीतिक करियर में, जो उन्हें परिवार के अधिकार के साथ मिला, उन्होंने इनमें से कुछ भी नहीं किया।”
कांग्रेस पर भाजपा नेता ने साधा निशाना
एसआईआर पर चंद्रशेखर ने कहा कि इस मुद्दे पर सतीशन के विचार कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के रुख से मेल नहीं खाते। उन्होंने कहा कि “फर्जी, डमी और अवैध मतदाताओं” को मतदाता सूची से हटाया जाना चाहिए और हटाया जाएगा। चंद्रशेखर ने कहा कि वह सामान्य तौर पर सतीशन की आलोचना को नजरअंदाज कर देते, लेकिन उन्होंने इसलिए जवाब दिया क्योंकि सतीशन उनके राज्य के मुख्यमंत्री हैं।
उन्होंने कहा, “अगर आप राहुल गांधी से हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘देशद्रोही’ कहने के लिए माफी मंगवा दें और चुनाव आयोग से झूठ बोलने के लिए उनसे माफी मंगवा दें, तो मैं वादा करता हूं कि राहुल गांधी को फ्रॉड कहना बंद कर दूंगा।” चंद्रशेखर ने आगे कहा, “लेकिन अगर आप मेरे इस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं करते और झूठ, अधूरे वादों, भ्रष्टाचार और तुष्टीकरण को अपनी राजनीतिक रणनीति बनाए रखते हैं, तो हर बार आपको फ्रॉड कहे जाने के लिए तैयार रहिए।”




