Search
Home » नेशनल » बर्फबारी से सड़कें ठप, उड़ान रद्द; हिमाचल में चोटियों पर बर्फबारी, चूड़धार-शिंकुला में फंसे लोगों का रेस्क्यू – Roads Closed Due To Snowfall Flights Cancelled Snowfall On Peaks In Himachal Rescue Of People Trapped In Churd

बर्फबारी से सड़कें ठप, उड़ान रद्द; हिमाचल में चोटियों पर बर्फबारी, चूड़धार-शिंकुला में फंसे लोगों का रेस्क्यू – Roads Closed Due To Snowfall Flights Cancelled Snowfall On Peaks In Himachal Rescue Of People Trapped In Churd

Share Now :

WhatsApp
Share This

हिमाचल प्रदेश में तीन जिलों में ऑरेंज और सात जिलों में येलो अलर्ट के बीच रविवार को बारिश-बर्फबारी हुई। सुबह-शाम शीतलहर चलने से ठंड बढ़ गई है। दिनभर प्रदेशभर में रुक-रुककर बारिश होती रही। रोहतांग और शिंकुला दर्रे के अलावा सिरमौर, भरमौर और धर्मशाला में धौलाधार की चोटियों पर बर्फ गिरी है। मंडी-कुल्लू राष्ट्रीय राजमार्ग पर बारिश से झलोगी के पास पहाड़ी से पत्थर गिरने शुरू हो गए। इससे एक घंटा तक यातायात बाधित रहा।

जोगिंद्रनगर में बारिश, अंधड़ और बिजली गिरने से मझारनू फीडर की डिस्क में ब्लास्ट हो गया। इससे भट्ठा, जोगिंद्रनगर और मझारनू में बिजली के 13 ट्रांसफार्मर ठप हो गए। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने सोमवार और मंगलवार को भी बारिश-बर्फबारी होने का येलो अलर्ट जारी किया है। रविवार को शिमला, सोलन और सिरमौर में ऑरेंज व लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर अन्य सात जिलों में येलो अलर्ट था। सोमवार को प्रदेश के चार जिलों कांगड़ा, मंडी, शिमला और सिरमौर में येलो अलर्ट है। मंगलवार को कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला के लिए येलो अलर्ट जारी हुआ है। 15 अक्तूबर तक प्रदेश के अलग-अलग जिलों में अंधड़, बारिश और बिजली चमकने का येलो अलर्ट जारी किया है। 17 तक मौसम खराब रहेगा।

रविवार को खराब मौसम का असर हवाई और सड़क यातायात पर भी पड़ा। दिल्ली से कांगड़ा के गगल हवाई अड्डे पर आने वाली स्पाइसजेट की एक उड़ान रद्द करनी पड़ी, जबकि शिंकुला दर्रे में बर्फबारी के चलते दारचा-शिंकुला मार्ग पर दोपहिया वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई। शिमला में सुबह से बारिश का सिलसिला शुरू हो गया, जो दिनभर जारी रहा। सभी जिलों में हल्की और मध्यम बारिश हुई। दोपहर बाद रोहतांग और शिंकुला दर्रे सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रुक-रुककर बारिश हुई। लारजी-सैंज मार्ग पर पागलनाला में मलबा आने से यातायात घंटों बाधित रहा। चंबा जिले के मणिमहेश, कुगती, चौबिया, खपरांस सहित अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में करीब 10 सेंटीमीटर तक बर्फबारी हुई। ऊना जिले में सुबह करीब 11:30 बजे बारिश शुरू हुई, जो दोपहर 12:15 बजे तक जारी रही। शिमला के सराहन में सबसे अधिक 30.1 मिलीमीटर बारिश हुई। पालमपुर में 6.0, सुंदरनगर में 5.6 , धर्मशाला में 1.1, मनाली में 1.0, वांगतू में 0.6 और कांगड़ा में 0.3 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

चंबा में सामान्य से 15.1 डिग्री लुढ़का अधिकतम पारा

हिमाचल प्रदेश में बारिश-बर्फबारी के कारण अधिकतम तापमान 7.3 डिग्री तक लुढ़क गया है। इससे ठंड में एकदम इजाफा हुआ है। चंबा में सामान्य से 15.1, सोलन में 10.8, सुंदरनगर में 10.0, मनाली में 8.2, शिमला में 5.8 और धर्मशाला में 6.6 डिग्री तक अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। चंबा में अधिकतम तापमान 16.8, सोलन में 17.0, मनाली का 14.6, शिमला का 16.4, सुंदरनगर में 20.0 और धर्मशाला का अधिकतम तापमान 20.0 डिग्री सेल्सियस रहा। ऊना सबसे अधिक 30.4 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा।

चूड़धार में रास्ता भटके दो लोग देर रात किए रेस्क्यू

चूड़धार क्षेत्र के दुर्गम जंगल में रास्ता भटकने से फंसे दो लोगों को चौपाल पुलिस ने रेस्क्यू कर लिया है। 112 हेल्पलाइन के माध्यम से 10 अक्तूबर की रात पुलिस को सूचना मिली कि दो व्यक्ति रास्ता भटक गए हैं। पुलिस थाना चौपाल की टीम दोनों की तलाश में रवाना हुई। शिमला के एसएसपी गौरव सिंह ने बताया कि शनिवार रात करीब तीन बजे जिला कुल्लू निवासी अजय कुमार और रविवार सुबह करीब पांच बजे जिला सिरमौर के नक्श ठाकुर को भी सकुशल रेस्क्यू कर लिया गया।

बर्फ में फंसे वाहन चालक सुरक्षित निकाले

जांस्कर घाटी से शिंकुला दर्रे के रास्ते लाहौल आ रहे कुछ वाहन अचानक बर्फबारी के कारण रास्ते में फंस गए। इनमें दोपहिया और छोटे चार पहिया वाहन शामिल थे। सूचना मिलते ही लाहौल-स्पीति पुलिस मौके पर पहुंची और बर्फबारी के बीच फंसे वाहनों और पर्यटकों को सुरक्षित निकाला। पुलिस ने बाइकरों को अपने फोर वाई फोर वाहन से निकाला है। केलांग पुलिस मुख्यालय से डीएसपी केडी शर्मा ने पर्यटकों और आम लोगों से अपील की है कि खराब मौसम में ऊंचाई वाले क्षेत्रों की ओर अनावश्यक यात्रा न करें।

 

Published On

Leave a Comment

Other News