
DU: दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) ने छात्रों को प्रशासनिक कार्यों का व्यावहारिक अनुभव देने के उद्देश्य से वाइस चांसलर इंटर्नशिप स्कीम 2026 (पार्ट टाइम) के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। विश्वविद्यालय के नियमित स्नातक और स्नातकोत्तर विद्यार्थी इसके लिए पात्र हैं, जबकि प्रथम वर्ष और प्रथम सेमेस्टर के छात्र आवेदन नहीं कर सकते। आवेदन की अंतिम तिथि 21 अगस्त है।
इस इंटर्नशिप के तहत चयनित छात्रों को डीयू के विभिन्न विभागों, कुलपति कार्यालय, दक्षिण परिसर निदेशक कार्यालय, कुलसचिव कार्यालय समेत अन्य विभागों में काम करने का अवसर मिलेगा। इंटर्नशिप की अवधि छह महीने होगी, जो अक्तूबर 2026 में शुरू होगी। विद्यार्थियों को सप्ताह में केवल 8 से 10 घंटे कार्य करना होगा। इसके एवज में चयनित इंटर्न को 6,064 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड दिया जाएगा।
सफलतापूर्वक इंटर्नशिप पूरी करने वाले विद्यार्थियों को डीन ऑफ स्टूडेंट्स वेलफेयर की ओर से प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा, जो भविष्य में नौकरी प्राप्त करने में मददगार साबित होगा। इच्छुक छात्र निर्धारित लिंक https://forms.gle/4sfos ii9HJtqZEfe6 के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।




