
भारतीय पुरुष टीम का सामना एफआईएच हॉकी विश्व कप के दूसरे मैच में इंग्लैंड से हो रहा है। इंग्लैंड ने पहले क्वार्टर में गोल कर बढ़त ली, लेकिन दूसरे क्वार्टर में कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने गोल कर भारतीय टीम को बराबरी दिलाई। फिलहाल दूसरे क्वार्टर का खेल जारी है और स्कोर 1-1 की बराबरी पर है।
पहला क्वार्टर इंग्लैंड के नाम
पहले क्वार्टर में इंग्लैंड ने दमदार प्रदर्शन किया। भारत के पास भी गोल करने के मौके आए, लेकिन टीम इन मौकों को भुना नहीं सकी। इसी दौरान सुमित को ग्रीन कार्ड मिला और उन्हें दो मिनट के लिए मैदान से बाहर जाना पड़ा। इस तरह पहले हाफ के अंतिम मिनटों में भारत को 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा। इसका फायदा इंग्लैंड ने उठाया और गोल दागकर बढ़त हासिल कर ली।
वेल्स की दी थी मात
भारतीय पुरुष टीम ने शनिवार को वेल्स पर जीत के साथ विश्व कप में विजयी शुरुआत की थी। भारतीय टीम की जीत में कप्तान हरमनप्रीत सिंह की अहम भूमिका रही। भारतीय कप्तान ने पेनल्टी कॉर्नर से दो गोल किए। इसके अलावा, एक गोल संजय राणा ने किया था। संजय ने मैच का शुरुआती गोल (9वें मिनट) में किया था।
दोनों टीमों का हेड टू हेड रिकॉर्ड
भारतीय टीम को टूर्नामेंट में आगे बढ़ने के लिए जरुरी है कि वेल्स की तरह ही इंग्लैंड पर भी बड़ी जीत दर्ज करे। हालांकि, टीम इंडिया के लिए वेल्स की अपेक्षा इंग्लैंड कड़ी चुनौती पेश कर सकता है। दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 141 मैच खेले गए हैं, जिसमें इंग्लैंड का पलड़ा भारी रहा है। इंग्लैंड ने 90 मैच जीते हैं, जबकि भारतीय टीम ने 28 मैच जीते हैं। 23 मैच ड्रा रहे हैं। वहीं, हॉकी विश्व कप टूर्नामेंट में इंग्लैंड और भारत ने एक दूसरे के खिलाफ नौ मैच खेले हैं। इंग्लैंड को चार, जबकि भारतीय टीम को तीन मैचों में जीत मिली है। दो मैच टाई रहे हैं।




