
अर्जेंटीना के स्टार फुटबॉलर लियोनल मेसी ने सोमवार को अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास ले लिया है। इसके साथ ही उनका करीब दो दशक पुराना सफर समाप्त हो गया है। मेसी के करियर का आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला फीफा विश्व कप 2026 का फाइनल रहा जिसमें अर्जेंटीना को स्पेन के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। अर्जेंटीना की टीम ने मेसी की अगुआई में ही 2022 में विश्व कप का खिताब जीता था, लेकिन टीम फाइनल तक पहुंचने के बाद भी खिताब का बचाव नहीं कर सकी थी।
सोशल मीडिया पर की घोषणा
मेसी ने सोशल मीडिया पर लंबे पोस्ट के जरिये अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास लेने की घोषणा की। मेसी ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में कई उपलब्धियां हासिल की और ऐसे रिकॉर्ड बनाए जिससे वह फुटबॉल की दुनिया का एक ऐसा नाम बने जिसे हमेशा याद रखा जाएगा। मेसी ने छह फीफा विश्व कप में हिस्सा लिया और वह इतने विश्व कप खेलने वाले खिलाड़ी हैं। उनके अलावा पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने भी छह विश्व कप खेले हैं। मेसी कप्तान के तौर पर भी खूब चमके।
तीन बार खेला विश्व कप फाइनल
फीफा विश्वकप 2026 का फाइनल मेसी के करियर का तीसरा विश्वकप फाइनल था। इससे पहले वह 2014 और 2022 में फाइनल खेल चुके हैं। ब्राजील में खेले गए 2014 विश्व कप में मेसी पहली बार फाइनल तक पहुंचे थे। अर्जेंटीना को जर्मनी के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। अतिरिक्त समय में मारियो गोट्जे ने विजयी गोल कर जर्मनी को चैंपियन बनाया था। कतर विश्वकप 2022 के फाइनल में मेसी ने अर्जेंटीना को फ्रांस के खिलाफ पेनल्टी शूटआउट में जीत दिलाई। उन्होंने मैच में दो गोल किए और प्लेयर ऑफ द मैच के साथ टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार भी जीता।
18 दिसंबर 2022 को खेला गया यह मुकाबला फुटबॉल इतिहास के सबसे रोमांचक फाइनल में गिना जाता है। मेसी ने पेनल्टी पर पहला गोल किया फिर अतिरिक्त समय में दूसरा गोल दागा। मुकाबला 3-3 से बराबरी पर खत्म हुआ और पेनल्टी शूटआउट में अर्जेंटीना ने जीत हासिल कर विश्व कप अपने नाम किया। इसी के साथ मेसी ने अपने करियर का वह बड़ा खिताब भी जीत लिया, जिसकी उन्हें लंबे समय से तलाश थी। मेसी की अगुआई में अर्जेंटीना फीफा विश्व कप 2026 के फाइनल में भी पहुंची। मेसी के पास खिताब बरकरार रखने का सुनहरा अवसर था, लेकिन स्पेन ने अर्जेंटीना को हराकर मेसी का यह सपना तोड़ दिया था।





