
12:03 PM, 22-Sep-2026
दौसा में निर्दलीय ने फंसाया पेंच
दौसा सभापति चुनाव में 31-24 से कांग्रेस से मात खाने के बाद भाजपा ने हार नहीं मानी है। दौसा नगर परिषद में आज उपसभापति पद के लिए फिर वही घमासान देखने को मिलेगा। कांग्रेस ने सुनीता सैनी को तो भाजपा ने जितेंद्र शर्मा को मैदान में उतारा है। इस बार एक निर्दलीय पार्षद ने भी नामांकन फॉर्म खरीदकर दोनों पार्टियों के समीकरण बिगाड़ दिए हैं। दोपहर 2 बजे मतदान होगा और शाम तक पता चल जाएगा कि परिषद की नंबर-2 की कुर्सी पर कौन बैठेगा। मंगलवार सुबह 11 बजे नामांकन प्रक्रिया शुरू होते ही दोनों पार्टियों ने शक्ति प्रदर्शन किया। कांग्रेस प्रत्याशी सुनीता सैनी नामांकन दाखिल करने पहुंचीं तो उनके साथ नवनिर्वाचित सभापति रेखा गुर्जर, विधायक डीडी बैरवा और सभी 31 पार्षद मौजूद थे। सुनीता ने आत्मविश्वास के साथ कहा कि बोर्ड हमारा है, उपसभापति भी हमारा ही बनेगा।
कुछ देर बाद भाजपा प्रत्याशी जितेंद्र शर्मा ने भी पर्चा भरा। उनके साथ निकाय प्रभारी पूजा कपिल, जिलाध्यक्ष लक्ष्मी रेला और 24 पार्षद थे। जितेंद्र शर्मा ने कहा कि सभापति चुनाव में प्रशासन ने दबाव बनाया था, लेकिन उपसभापति चुनाव में जनता के वोट की जीत होगी। इसी बीच एक निर्दलीय पार्षद ने भी फॉर्म खरीद लिया, जिससे चुनाव में त्रिकोणीय मुकाबले की चर्चा तेज हो गई है। हालांकि अंदरखाने चर्चा है कि निर्दलीय अंत में किसी एक पार्टी को समर्थन देकर अपनी कीमत वसूल लेगा।
क्या है 31 vs 24 का गणित?
दौसा नगर परिषद में कुल 55 पार्षद हैं। कल हुए सभापति चुनाव में कांग्रेस की रेखा गुर्जर को 31 वोट मिले थे और भाजपा की कविता गुर्जर को 24 वोट मिले थे। यानी कांग्रेस के पास 7 वोटों की लीड है। अगर कांग्रेस अपने सभी 31 पार्षदों को एकजुट रख लेती है तो सुनीता सैनी की जीत पक्की है। लेकिन भाजपा को उम्मीद है कि वह कांग्रेस में सेंध लगा देगी। भाजपा खेमे का कहना है कि सभापति चुनाव में उनके पास 17 पार्षद थे और 8 निर्दलीय उनके साथ थे, फिर भी 1 वोट टूट गया था। आज वे कांग्रेस के 2-3 पार्षदों को तोड़ने की फिराक में हैं। सुबह से ही भाजपा के नेता कांग्रेस के कुछ पार्षदों से संपर्क साधने की कोशिश में लगे हैं।
शाम चार बजे तक आएगा फैसला
दौसा में दोपहर 2 बजे से 3 बजे तक मतदान होगा। 3 बजे के बाद तुरंत मतगणना शुरू होगी और 4 बजे तक परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। नगर परिषद परिसर में पुलिस का कड़ा बंदोबस्त किया गया है। कलेक्टर ने दोनों पार्टियों के एजेंटों को भी अंदर रहने की अनुमति दी है। अब देखना ये है कि क्या कांग्रेस 31 का आंकड़ा बचा पाती है या भाजपा 24 से 28 तक का जादूई आंकड़ा छू लेती है। निर्दलीय का पेंच किसकी नैया डुबोएगा, ये शाम तक साफ हो जाएगा।
11:59 AM, 22-Sep-2026
आबूरोड नगरपालिका उपाध्यक्ष के लिए कांग्रेस से दो और भाजपा से एक प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल किया
सिरोही नगर निकाय चुनाव-2026 के तहत आबूरोड नगरपालिका उपाध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस से दो और भाजपा से एक प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल किया है। कांग्रेस की ओर से वरिष्ठ पार्षद कांतिलाल परिहार और वार्ड नंबर 34 की पार्षद लता कोली ने नामांकन जमा करवाया है। वहीं, भाजपा की ओर से वार्ड नंबर 27 की पार्षद साधनादेवी ने नामांकन दाखिल किया है। आबूरोड नगरपालिका में अध्यक्ष पद के चुनाव के दौरान पहले ही क्रॉस वोटिंग हो चुकी है। ऐसे में उपाध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस के दो प्रत्याशियों द्वारा नामांकन दाखिल किए जाने से सियासी समीकरणों को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
11:28 AM, 22-Sep-2026
अलवर में भाजपा के अजय पुनिया और कांग्रेस की ममता सैनी ने दाखिल किया नामांकन

अलवर नगर निगम में उप महापौर पद के लिए नामांकन प्रक्रिया जारी
– फोटो : Amar Ujala
अलवर नगर निगम में उप महापौर पद के चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। उप महापौर पद के लिए भाजपा के अजय पुनिया और कांग्रेस की ममता सैनी ने अपने-अपने नामांकन दाखिल कर दिए हैं। दोनों प्रमुख दलों ने अपने प्रत्याशियों के जरिए चुनावी मुकाबले को स्पष्ट कर दिया है। भारतीय जनता पार्टी ने वार्ड नंबर 49 से पांच बार के पार्षद अजय पुनिया को उप महापौर पद का प्रत्याशी बनाया है। अजय पुनिया मंगलवार को नगर निगम पहुंचे और अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान उनके साथ भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक गुप्ता सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता और पार्षद मौजूद रहे।
कांग्रेस ने ममता सैनी को बनाया प्रत्याशी
वहीं, कांग्रेस ने वार्ड नंबर 34 से पार्षद ममता सैनी को उप महापौर पद के लिए प्रत्याशी बनाया है। ममता सैनी भी अपने समर्थकों और कांग्रेस नेताओं के साथ नगर निगम पहुंचीं। नामांकन दाखिल करने से पहले उन्होंने नगर निगम परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रकाश गंगावत सहित पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इसके बाद ममता सैनी ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। दोनों प्रत्याशियों के नामांकन दाखिल होने के बाद अब उप महापौर पद के लिए भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला सामने है। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। इसके बाद नाम वापसी की प्रक्रिया होगी और दोपहर 2 बजे से मतदान शुरू होगा। मतदान के बाद मतगणना कर उप महापौर के चुनाव परिणाम की घोषणा की जाएगी।
11:26 AM, 22-Sep-2026
बहरोड़ नगर परिषद में उपसभापति पद के लिए नामांकन दाखिल किया
बहरोड़ नगर परिषद में उपसभापति पद के चुनाव को लेकर भाजपा की ओर से रामनरेश ने नामांकन दाखिल किया है। नामांकन के बाद समर्थकों में जीत को लेकर खुशी का माहौल है। समर्थक आतिशबाजी कर खुशी जता रहे हैं और रामनरेश को उपसभापति बनने की बधाई दे रहे हैं।
11:12 AM, 22-Sep-2026
उदयपुर में शुरू हुई निर्वाचन प्रक्रिया

उदयपुर में शुरू हुई निर्वाचन प्रक्रिया
– फोटो : Amar Ujala
नगरीय निकाय चुनाव 2026 के तहत उदयपुर नगर निगम में उपाध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन प्रक्रिया शुरू हो गई है। भाजपा की ओर से दिनेश भट्ट और कांग्रेस की ओर से लक्ष्मीनारायण मेघवाल ने नामांकन दाखिल किया है। नामांकन दाखिल करने का समय सुबह 11 बजे तक है, जिसके बाद नामांकन पत्रों की संवीक्षा होगी। दोपहर 2 बजे तक नाम वापसी का समय रहेगा। आवश्यकता होने पर दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होते ही मतगणना की जाएगी।
11:07 AM, 22-Sep-2026
नीमकाथाना में चुनावी प्रक्रिया शुरू
नीमकाथाना में उपाध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस से जेपी यादव व भाजपा से इंद्राज सैनी ने भरा नामांकन।
11:00 AM, 22-Sep-2026
शाहपुरा में नगर परिषद कार्यालय परिसर में चुनाव प्रक्रिया शुरू
जयपुर के शाहपुरा में उपसभापति पद के लिए कांग्रेस ने रेखा रामावतार गुर्जर को अपना प्रत्याशी बनाया है। वहीं, भाजपा ने निर्दलीय पार्षद पूजा मितेश मंगल को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। दोनों प्रत्याशी थोड़ी देर बाद नामांकन दाखिल करेंगे। नगर परिषद कार्यालय परिसर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उपसभापति पद के लिए मतदान होगा।
10:46 AM, 22-Sep-2026
सिरोही नगर परिषद उपाध्यक्ष समेत अन्य
सिरोही नगर परिषद सिरोही एवं अन्य निकायों में उपाध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन प्रक्रिया शुरू हो गई है। पिंडवाड़ा नगरपालिका उपाध्यक्ष के लिए कांग्रेस से अजरूद्दीन मेमन ने अपना नामांकन दाखिल किया है। वहीं, नगरपालिका शिवगंज से उपाध्यक्ष के लिए भाजपा की ओर से कंचन सोलंकी ने नामांकन प्रस्तुत किया। साथ ही भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. रक्षा भंडारी के साथ रिटर्निंग अधिकारी के पास पहुंची कंचन सोलंकी। वह शहर के वार्ड 34 से पार्षद हैं।
10:28 AM, 22-Sep-2026
बांसवाड़ा नगर परिषद से भाजपा के चंकी शाह ने किया नामांकन

rajasthan news
– फोटो : Amar Ujala
बांसवाड़ा नगर परिषद उप सभापति के लिए भाजपा से चंकी शाह ने नामांकन पत्र पेश किया। कांग्रेस की ओर से फखरुद्दीन रतलाम वाला नामांकन पत्र दाखिल किया है
10:08 AM, 22-Sep-2026
उपाध्यक्ष पद के चुनाव के लिए 10 बजे से शुरू होगी बैठक
उपाध्यक्ष पद के चुनाव के लिए मंगलवार सुबह 10 बजे बैठक शुरू होगी। सुबह 11 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे। इसके बाद सुबह 11:30 बजे नामांकन पत्रों की जांच होगी। अभ्यर्थिता वापस लेने का समय दोपहर 2 बजे तक रहेगा। यदि एक से अधिक उम्मीदवार मैदान में रहते हैं तो दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान पूरा होते ही मतगणना शुरू होगी और परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।





