Search
Home » नेशनल » खंडवा में सेल्फी बनी मुसीबत:पिकनिक स्पॉट पर बड़ा हादसा टला, 11 घंटे की मशक्कत के बाद बची चार युवकों की जान – Khandwa-four-youth-rescued-after-being-trapped-on-river-island

खंडवा में सेल्फी बनी मुसीबत:पिकनिक स्पॉट पर बड़ा हादसा टला, 11 घंटे की मशक्कत के बाद बची चार युवकों की जान – Khandwa-four-youth-rescued-after-being-trapped-on-river-island

Share Now :

WhatsApp
Share This

खंडवा में बारिश के दौरान नदी किनारे सेल्फी लेना चार युवकों के लिए भारी पड़ गया। पिकनिक मनाने पहुंचे चार दोस्त अचानक नदी का जलस्तर बढ़ने से बीच में बने टापू पर फंस गए। गुरुवार शाम शुरू हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन पूरी रात चला। तेज बहाव और अंधेरे के बीच प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) की टीमों ने लगातार प्रयास किए।

पानी का बहाव अधिक होने से बचाव कार्य में दिक्कतें आईं। इस दौरान ड्रोन के जरिए युवकों तक खाना, पानी और लाइफ जैकेट पहुंचाई गईं। करीब 11 घंटे की मशक्कत के बाद शुक्रवार तड़के चारों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

जानकारी के अनुसार, खंडवा जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर सुक्ता और आबना नदी के संगम स्थित हांडीकुंडी पिकनिक स्पॉट पर शहर के मेडिकल व्यवसायी हुजेफा हामिद अली अपने साथियों असगर, मुस्तफा और मयंक के साथ घूमने गए थे। इसी दौरान क्षेत्र में हुई तेज बारिश से नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया और चारों युवक टापू पर फंस गए। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई।

शाम से शुरू हुआ रेस्क्यू अभियान


युवकों को सुरक्षित निकालने के लिए गुरुवार शाम करीब छह बजे रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। हालांकि नदी में तेज बहाव के कारण शुरुआती प्रयास सफल नहीं हो सके। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने एसडीआरएफ की टीम तैनात की और अतिरिक्त सहायता के लिए एनडीआरएफ (NDRF) को भी अलर्ट किया।

रात में रेस्क्यू संभव नहीं होने पर प्रशासन ने युवकों से लगातार संपर्क बनाए रखा। उनकी सुरक्षा के लिए ड्रोन के माध्यम से खाना, पीने का पानी और लाइफ जैकेट टापू तक पहुंचाई गईं, जिससे वे पूरी रात सुरक्षित रहे।

एयरलिफ्ट की भी थी तैयारी


प्रशासन ने वैकल्पिक योजना के तौर पर हेलीकॉप्टर से एयरलिफ्ट की तैयारी भी कर ली थी। इसके लिए रायपुर से हेलीकॉप्टर बुलाया गया, लेकिन नागपुर पहुंचने तक मौसम खराब होने के कारण उसे वहीं रोकना पड़ा। प्रशासन को उम्मीद थी कि शुक्रवार सुबह हेलीकॉप्टर खंडवा पहुंच जाएगा, लेकिन उससे पहले ही एसडीआरएफ की टीम ने सफल रेस्क्यू कर चारों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।



ये भी पढ़ें- नशे में क्रूर पिता: MP में पहले 12 साल के बेटे को बेरहमी से पीटा, फिर हाथ-पैर बांधकर बाइक से 100 मीटर तक घसीटा

प्रभारी कलेक्टर ने क्या कहा


जिला पंचायत सीईओ एवं प्रभारी कलेक्टर नागार्जुन बी. गोडा ने बताया कि गुरुवार शाम सूचना मिली थी कि चार युवक हांडीकुंडी पिकनिक स्पॉट पर टापू में फंस गए हैं। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू शुरू किया गया। लगातार बारिश और तेज बहाव के कारण अभियान में कठिनाई आई।

एसपी बोले- लोगों से अपील के बावजूद पहुंचे नदी किनारे


खंडवा एसपी आगम जैन ने बताया कि जिले में भारी बारिश का अलर्ट जारी था और लोगों से नदी-नालों व जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की गई थी। इसके बावजूद चार युवक नदी के बीच टापू पर फंस गए। उन्होंने कहा कि युवकों के पास मोबाइल फोन होने से रेस्क्यू में काफी मदद मिली।





 

Published On

Leave a Comment

Other News