धर्म परिवर्तन मामले में नामजद पूर्व टीसीएस कर्मचारी निदा खान को कथित तौर पर पनाह देने के आरोपों का सामना कर रहे महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर के एआईएमआईएम (AIMIM) पार्षद मतीन पटेल को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। अदालत के कई समन के बावजूद पेश न होने पर जारी गिरफ्तारी वारंट के बाद गुरुवार शाम पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए नासिक रवाना किया। इसी बीच प्रशासन ने उसके घर और कार्यालय पर बुलडोजर की कार्रवाई भी शुरू कर दी। इस मामले में पहले ही कई एफआईआर दर्ज हैं और TCS ने संबंधित कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है।
आखिर मतीन पटेल की गिरफ्तारी क्यों हुई?
पुलिस के अनुसार, मतीन पटेल पर TCS की पूर्व कर्मचारी निदा खान को पनाह देने का आरोप है। निदा खान का नाम कथित धर्म परिवर्तन मामले में सामने आने के बाद उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान बार-बार समन जारी होने के बावजूद मतीन पटेल अदालत में पेश नहीं हुआ, जिसके बाद उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया।
क्या है पूरा TCS धर्म परिवर्तन मामला?
टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) की पूर्व कर्मचारी निदा खान को महाराष्ट्र के नासिक स्थित कंपनी की यूनिट में कथित धर्म परिवर्तन से जुड़े मामले में नाम सामने आने के बाद नौकरी से निकाल दिया गया था। करीब 25 दिन तक फरार रहने के बाद 7 मई को उसे छत्रपति संभाजीनगर के एक किराए के फ्लैट से गिरफ्तार किया गया था।
मामले की शुरुआत कैसे हुई?
यह मामला तब सामने आया, जब एक महिला ने अपने सहकर्मी दानिश शेख पर आरोप लगाया कि उसने वर्ष 2022 में शादी का झूठा वादा कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए, जबकि वह पहले से ही दूसरी महिला से शादीशुदा था। पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, दानिश शेख की बहन निदा खान ने कथित तौर पर पीड़िता की धार्मिक आस्था का अपमान किया और उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने की कोशिश की।
पुलिस जांच में क्या-क्या आरोप सामने आए?
पुलिस महिला कर्मचारियों के कथित शोषण, जबरन धर्म परिवर्तन के प्रयास, धार्मिक भावनाएं आहत करने, छेड़छाड़ और मानसिक उत्पीड़न से जुड़े कुल नौ मामलों की जांच कर रही है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, निदा खान पर आरोप है कि उसने एक पीड़िता को बुर्का और धार्मिक साहित्य देकर उसका कथित तौर पर ब्रेनवॉश करने की कोशिश की। उस पर यह आरोप भी है कि उसने पीड़िता के मोबाइल फोन में इस्लाम से जुड़े ऐप इंस्टॉल किए, उसे नमाज़ पढ़ने का तरीका सिखाने के लिए उसके घर गई और हिजाब पहनने का तरीका भी बताया।
निदा खान को जमानत कैसे मिली?
पिछले महीने नासिक की एक स्थानीय अदालत ने निदा खान को जमानत दे दी। उसने अपनी गर्भावस्था का हवाला देते हुए जमानत की मांग की थी। अदालत ने अपने आदेश में कहा कि किसी भी महिला के लिए जेल में बच्चे को जन्म देना अत्यंत पीड़ादायक स्थिति होती है। अदालत ने इस संदर्भ में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के समय की परिस्थितियों का भी उल्लेख किया।
ये भी पढ़ें: PM Modi Breakfast Meeting: नाश्ते की मेज पर संसद की रणनीति; NDA से पहली बार चुने गए सांसदों से मिलेंगे PM मोदी
TCS ने क्या कार्रवाई की?
TCS ने इस मामले में नाम आने वाले कर्मचारियों को निलंबित कर दिया। कंपनी ने कहा कि वह कार्यस्थल पर किसी भी प्रकार के उत्पीड़न, भेदभाव या जबरदस्ती के मामलों में लंबे समय से ज़ीरो टॉलरेंस नीति का पालन करती है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाती है।





