नीट पेपर लीक मामले को लेकर आंदोलन चलाने वाली कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) की कोर कमेटी की अहम बैठक आज महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में होगी। सीजेपी की कोर कमेटी की बैठक से पहले पार्टी नेताओं ने आंदोलन को जमीनी स्तर तक ले जाने और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर अभियान जारी रखने की बात कही।
सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने बुधवार को कहा कि फिलहाल उनकी पार्टी एक दबाव समूह (प्रेशर ग्रुप) के रूप में काम करेगी, क्योंकि मौजूदा समय में देश को इसी की जरूरत है। महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में सीजेपी की कोर टीम की बैठक से पहले पत्रकारों से बातचीत में दीपके ने कहा कि बैठक में मीडिया और न्यायपालिका जैसी संस्थाओं में लोगों के घटते भरोसे पर चर्चा की जाएगी।
दीपके ने बताया कि बैठक में इथेनॉल मिश्रित ईंधन और बढ़ती बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर भी विचार किया जाएगा। वहीं, सीजेपी के मुख्य प्रवक्ता सौरभ दास ने कहा कि सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक आगे भी उनके मार्गदर्शक बने रहेंगे और पार्टी उनसे सलाह लेती रहेगी।
क्या बोले पार्टी के प्रवक्ता?
पार्टी की मुख्य प्रवक्ता वैष्णवी गौर ने कहा, “भाजपा और आरएसएस ने जिस तरह रैलियां कीं, वह संवाद नहीं बल्कि निर्देश देने जैसा था। हम उम्मीद करते हैं कि संवाद हो, छात्रों को डराया-धमकाया न जाए।” उन्होंने कहा, “हम अपने युवा आंदोलन पर काम जारी रखेंगे। यह रोजगार, शिक्षा और बढ़ती महंगाई जैसे युवाओं से जुड़े मुद्दों के जरिए आगे बढ़ेगा।”
#WATCH | Chhatrapati Sambhajinagar, Maharashtra | Cockroach Janta Party Spokesperson Vaishnavi Gaur says, “The way BJP and RSS held rallies, it is not dialogue, but dictation. We will hope dialogue is held instead, students are not bullied… We will keep working on our youth… pic.twitter.com/IwuCJPq2hN
— ANI (@ANI) August 4, 2026
आगे की रणनीति पर क्या बोले सौरभ दास?
वहीं, कॉकरोच जनता पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरभ दास ने कोर कमेटी की बैठक को लेकर कहा, “हमसे सवाल पूछा गया कि प्रदर्शन की सफलता के बाद यह आंदोलन आगे किस दिशा में जाएगा। इसी को लेकर हम सभी रणनीति बनाने के लिए एकत्र हुए हैं।” उन्होंने कहा, “हम इस पर चर्चा करेंगे और विचार करेंगे कि इसे जमीनी स्तर तक कैसे ले जाया जाए। 6 अगस्त को जब कोई ठोस फैसला होगा, तब हम अपनी आगे की रणनीति सभी को बताएंगे।”
#WATCH | Chhatrapati Sambhajinagar, Maharashtra | On Cockroach Janta Party Core Committee Meeting, party Chief Spokesperson Saurav Das says, “We were asked questions about where this movement will go after the success of the protest, and we have all come to strategise around the… pic.twitter.com/VhNbKoJaDI
— ANI (@ANI) August 4, 2026
सौरभ दास ने कहा, “यह एक आंदोलन है। देश में कई राजनीतिक दल हैं, लेकिन लोगों की पीड़ा का जवाब एक और राजनीतिक दल नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर जागरूकता है और सीजेपी इसी दिशा में काम कर रही है।” सीजेपी के सदस्यों से मिले संकेतों के अनुसार, बैठक में संगठन की आगे की रणनीति और भविष्य के कार्यक्रमों पर चर्चा की जाएगी। जानकारी के अनुसार, यह बैठक सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके के आवास पर आयोजित होगी। इसमें आंदोलन से जुड़े प्रमुख सदस्य हिस्सा लेंगे और पिछले आंदोलन के अनुभवों के साथ आगे की कार्ययोजना पर विचार करेंगे।
कार्यकर्ताओं से मांगे गए सुझाव
सूत्रों ने बताया कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर पिछले महीने चले करीब एक महीने लंबे आंदोलन के बाद संगठन ने अपने कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों से कुछ समय परिवार के साथ बिताने को कहा था। साथ ही उन्हें छात्रों और स्वयंसेवकों से बातचीत कर उनके सुझाव जुटाने और 5 अगस्त की बैठक में उन्हें साझा करने के लिए कहा गया है। ये बैठक खत्म होने के बाद सीजेपी प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगी। इसमें संगठन अपनी आगामी रणनीति और आगे होने वाले आंदोलनों या कार्यक्रमों की घोषणा कर सकता है।




