
सार
एपल की ओर से बहुप्रतीक्षित फोल्डेबल फोन आईफोन डुओ का एलान करते ही प्रीमियम स्मार्टफोन बाजार में जंग छिड़ गई है, लेकिन इस लॉन्च से ज्यादा अब चर्चा सैमसंग के एक नए और मजेदार विज्ञापन की हो रही है। बता दें कि लॉन्च के अगले दिन ही सैमसंग ने टिम कुक के साथ मजेदार विज्ञापन जारी किया, जिसमें टिम कुक नाम के व्यक्ति गैलेक्सी जेड फोल्ड 8 का समर्थन करते दिख रहे हैं, तो क्या अब टिम कुक सैमसंग जुड़ने वाले है? आइए जानते हैं इस लेख में…
क्या टिम कुक एपल कंपनी छोड़कर सैमसंग जॉइन करने वाले हैं? ऐसा कयास इसलिए लगाया जा रहा है, क्योंकि एपल के पहले फोल्डेबल आईफोन डुओ के लॉन्च होते ही सैमसंगे के एक नए विज्ञापन ने हलचल मचा दी है, जिसमें टिम कुक सैमसंग गैलेक्सी जेड फोल्ड 8 की तारीफ करते दिख रहे हैं। इस विज्ञापन ने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच लिया है। जिसके बाद से यह अटकलें तेज हो गईं कि क्या एपल के दिग्गजों की टीम में कोई बड़ा उलटफेर होने वाला है और ‘टिम कुक’ सैमसंग में शामिल होने जा रहे हैं?
सैमसंग के विज्ञापन में टिम कुक की एंट्री क्यों?
आईफोन डुओ लॉन्च होते ही सैमसंग और एपल के बीच फोल्डेबल फोन की जंग और दिलचस्प हो गई है। आईफोन डुओ के पेश होने के अगले ही दिन सैमसंग ने ऐसा विज्ञापन जारी किया, जिसने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच लिया।
विज्ञापन में टिम कुक नाम का एक व्यक्ति गैलेक्सी जेड फोल्ड 8 की तारीफ करता नजर आता है। पहली नजर में ऐसा लगता है कि शायद एपल के पूर्व सीईओ टिम कुक ही सैमसंग के फोन का प्रचार कर रहे हैं, लेकिन यहां एक बड़ा ट्विस्ट है।
यह एपल के पूर्व सीईओ टिम कुक नहीं हैं, बल्कि न्यूजीलैंड के पामर्स्टन नॉर्थ के रहने वाले एक व्यक्ति हैं, जिनका नाम भी टिम कुक है। सैमसंग ने इसी नाम की समानता को अपने विज्ञापन का हिस्सा बनाया है।
‘हाय, मैं टिम कुक हूं… लेकिन पाल्मी से’
- सैमसंग के विज्ञापन में न्यूजीलैंड वाले टिम कुक को एपल के पुराने प्रमोशनल अंदाज की तरह पेश किया गया है। वह चश्मा और ऐसा पहनावा पहने नजर आते हैं, जो एपल के पूर्व सीईओ की सार्वजनिक छवि से मिलता-जुलता है।
- वीडियो की शुरुआत भी एपल के प्रोडक्ट लॉन्च वीडियो की तरह होती है। इसमें टिम कुक कहते हैं कि उनके पास गैलेक्सी को लेकर एक घोषणा है और इस बार बात गैलेक्सी की है। इसके बाद वह गैलेक्सी जेड फोल्ड 8 को इस्तेमाल करते हुए इसकी तारीफ करते हैं। विज्ञापन के अंत में वह मजाकिया अंदाज में कहते हैं कि यह उनके पास अब तक का सबसे अच्छा फोन है और उन्हें पामर्स्टन नॉर्थ वाले टिम कुक के नाम से कोट किया जा सकता है।
क्या एपल के पूर्व सीईओ ने सैमसंग जॉइन कर लिया?
- नहीं, लेकिन सैमसंग की ओर से विज्ञापन जारी होने के बाद इस बात के कयास जरूर लगाए जा रहे हैं। फिलहाल बताया जा रहा है कि यह सिर्फ सैमसंग का एक मजेदार मार्केटिंग कैंपेन है। विज्ञापन में नजर आने वाले व्यक्ति का नाम जरूर टिम कुक है, लेकिन वह एपल के पूर्व सीईओ नहीं हैं।
- सैमसंग ने खुद इस बात को साफ करने के लिए वीडियो के कैप्शन में टिम कुक फ्रॉम पामर्स्टन नॉर्थ का इस्तेमाल किया है। यानी कंपनी ने नाम की समानता को जानबूझकर एपल पर तंज कसने के लिए इस्तेमाल किया। इसलिए फिलहाल टिम कुक के सैमसंग जॉइन करने की कोई खबर नहीं है। इस विज्ञापन को लेकर ऐसा दावा करना गलत होगा।
फिर सैमसंग ने ऐसा विज्ञापन क्यों बनाया?
- इसके पीछे वजह एपल का फोल्डेबल फोन बाजार में उतरना है। एपल ने हाल ही में अपना पहला फोल्डेबल आईफोन डुओ लॉन्च किया है। इसकी शुरुआती कीमत 1,999 डॉलर रखी गई है। इसके साथ एपल सीधे उस बाजार में उतर गया है, जिसमें सैमसंग कई साल से काम कर रहा है।
- सैमसंग ने 2019 में अपने फोल्डेबल फोन बाजार में उतारने शुरू किए थे। कंपनी अब गैलेक्सी जेड फोल्ड सीरीज की आठवीं पीढ़ी तक पहुंच चुकी है। ऐसे में एपल की एंट्री के बाद सैमसंग ने अपनी पुरानी बढ़त और अनुभव को मार्केटिंग के जरिए सामने रखना शुरू कर दिया है।
आईफोन डुओ लॉन्च होते ही सैमसंग ने शुरू किया पलटवार
- आईफोन डुओ के लॉन्च के बाद सैमसंग की तरफ से सिर्फ यह टिम कुक विज्ञापन ही नहीं आया। कंपनी ने सोशल मीडिया पर भी एपल के नए फोल्डेबल को लेकर कई तंज कसे।
- कुछ पोस्ट में सैमसंग ने एपल पर पुराने फोल्डेबल आइडिया को दोबारा पेश करने का आरोप लगाते हुए reheating our leftovers जैसे मजाकिया कमेंट किए। कंपनी ने अपने विज्ञापनों में गैलेक्सी जेड फोल्ड 8 की पतली और हल्की बॉडी को भी प्रमुखता से दिखाया। यानी सैमसंग का संदेश साफ है कि एपल अब फोल्डेबल बाजार में आया है, जबकि सैमसंग इस कैटेगरी में कई साल से मौजूद है।
क्या सैमसंग को आईफोन डुओ से खतरा है?
विश्लेषकों का मानना है कि एपल की एंट्री फोल्डेबल फोन बाजार में प्रतिस्पर्धा को काफी बदल सकती है। रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, काउंटरप्वाइंट रिसर्च को उम्मीद है कि इस साल फोल्डेबल बाजार में सैमसंग की हिस्सेदारी करीब 38% रह सकती है, जबकि एपल अपनी पहली ही पीढ़ी में लगभग 25% हिस्सेदारी हासिल कर सकता है। इससे सैमसंग पर सीधा दबाव बढ़ सकता है। हालांकि सैमसंग के पास बड़ा अनुभव, मजबूत ग्लोबल डिस्ट्रीब्यूशन और फोल्डेबल टेक्नोलॉजी में कई वर्षों का अनुभव है।
टिम कुक वाला विज्ञापन क्यों हो रहा है वायरल?
सैसमंग ने यहां सिर्फ फोन का प्रचार नहीं किया, बल्कि नाम और पहचान की समानता को ही विज्ञापन का हुक बना दिया। एपल के के पूर्व सीईओ टिम कुक को दुनियाभर में पहचाना जाता है। ऐसे में उसी नाम के न्यूजीलैंड के एक व्यक्ति को एपल जैसे अंदाज में गैलेक्सी जेड फोल्ड 8 का प्रचार करते दिखाना अपने आप में एक मजेदार मार्केटिंग ट्रिक बन गया। यही वजह है कि विज्ञापन ने सामान्य प्रोडक्ट प्रमोशन के बजाय एपल-सैमसंग की पुरानी प्रतिद्वंद्विता को फिर से चर्चा में ला दिया है।
क्या सच में टिम कुक सैमसंग जॉइन कर सकते हैं?
- यह फिलहाल सिर्फ मजाकिया कयास तक ही सीमित है। ऐसा कोई संकेत या घोषणा नहीं है कि एपल के पूर्व सीईओ टिम कुक सैमसंग में शामिल होने जा रहे हैं।
- विज्ञापन का पूरा कॉन्सेप्ट ही नाम की समानता और एपल की पैरोडी पर आधारित है। इसलिए इसे टिम कुक के सैमसंग में जाने की खबर समझना सही नहीं होगा।
- असल कहानी यह है कि सैमसंग ने आईफोन डुओ के लॉन्च के तुरंत बाद एक ऐसे व्यक्ति को विज्ञापन में उतारा, जिसका नाम एपल के पूर्व सीईओ टिम कुक के नाम से बिल्कुल मिलता है।




