
हार के बावजूद वहाब ने पाकिस्तान को बताया सबसे मजबूत
पाकिस्तान के टीम मेंटर वहाब रियाज ने हार के बावजूद अपनी टीम पर भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों में काफी प्रतिभा है और उन्हें खुद पर विश्वास करने की जरूरत है। रियाज ने कहा, ‘मेरा मानना है कि हमारी टीम के सभी खिलाड़ी काफी प्रतिभाशाली हैं और उन्हें सिर्फ खुद पर भरोसा करने की जरूरत है। हमारा अगला मैच हॉन्गकॉन्ग के खिलाफ है। हम वापस जाकर भारत के खिलाफ की गई गलतियों पर चर्चा करेंगे। हम वही गलतियां दोबारा नहीं करेंगे। मुझे अब भी लगता है कि पाकिस्तान इस एशिया कप में ट्रॉफी जीतने के लिए सबसे अच्छी टीम है, क्योंकि परिस्थितियां हमारे अनुकूल हैं।’ पाकिस्तान के लिए हालांकि स्थिति आसान नहीं है। टीम के खाते में सिर्फ दो अंक हैं और वह ग्रुप चरण से बाहर होने के कगार पर है। अब उसे सोमवार को हॉन्गकॉन्ग के खिलाफ मुकाबला खेलना है।
पुराने खिलाड़ियों को बाहर करने पर भी बोले रियाज
पूर्व कप्तान सना मीर ने महिला एशिया कप से पहले पाकिस्तान टीम में किए गए बड़े बदलावों पर सवाल उठाए थे। टीम प्रबंधन ने कई अनुभवी खिलाड़ियों को बाहर कर नए चेहरों को मौका दिया था। हालांकि, वहाब रियाज ने इन आलोचनाओं को खारिज करते हुए कहा कि टीम में बदलाव भविष्य को ध्यान में रखकर किए गए हैं। उन्होंने कहा कि पहले टीम में शामिल खिलाड़ी कई विश्व कप और एशिया कप खेल चुके थे, लेकिन अपेक्षित नतीजे नहीं मिल रहे थे।
रियाज ने कहा, ‘सना मीर की अपनी राय है। उस राय से मेरा कोई लेना-देना नहीं है। हमने भविष्य को ध्यान में रखते हुए बदलाव किए हैं। जो खिलाड़ी पहले खेल रहे थे, वे कई विश्व कप और एशिया कप खेल चुके हैं, लेकिन हमें नतीजे नहीं मिल रहे थे। इसलिए नए चेहरों के साथ जाने और नई लड़कियों को टीम में शामिल करने का समय था, ताकि आगामी टूर्नामेंटों के लिए टीम तैयार की जा सके। यह इस बारे में नहीं है कि हमने किन खिलाड़ियों को पीछे छोड़ा। हमें वास्तविकता को देखना होगा। जिन लड़कियों को बाहर किया गया, वे बिल्कुल अच्छा प्रदर्शन नहीं कर रही थीं। मुझे लगता है कि नई लड़कियों को टीम में शामिल करके हमने सही कदम उठाया।’
अब हॉन्गकॉन्ग के खिलाफ मुकाबला
भारत के खिलाफ हार के बाद पाकिस्तान के सामने अब ग्रुप चरण में बने रहने की चुनौती है। उसके खाते में दो अंक हैं और वह बाहर होने की कगार पर है। टीम सोमवार को हॉन्गकॉन्ग के खिलाफ मैदान पर उतरेगी। रियाज ने साफ किया है कि टीम भारत के खिलाफ हुई गलतियों से सीखकर अगले मुकाबले में वापसी करना चाहती है।








