
11:26 AM, 24-Sep-2026
Asian Games Day 2026 Live: निशानेबाजी में क्या स्कीट मिश्रित टीम से भारत को मिलेगा एक और पदक?
परिनाज धालीवाल और अनंतजीत सिंह नरूका की जोड़ी स्कीट मिश्रित टीम स्पर्धा में भारत के लिए एक और पदक जीतने उतरेगी। फाइनल में उनका सामना कोरिया, कतर और चीन की टीमों से होगा। फाइनल मुकाबला देरी से शुरू होगा और अब सुबह 11:30 बजे से खेला जाएगा।
11:24 AM, 24-Sep-2026
Asian Games Day 2026 Live: स्क्वैश में अनाहत सिंह का दबदबा, सीधे गेमों में जीतकर क्वार्टर फाइनल में पहुंचीं
तीसरी वरीयता प्राप्त अनाहत सिंह ने महिला सिंगल्स में शानदार शुरुआत की। भारतीय खिलाड़ी ने सिंगापुर की ऑ यॉन्ग वाई लिन को सीधे गेमों में 11-4, 11-5, 11-7 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। एशियन गेम्स में स्क्वैश मुकाबलों का महत्व और बढ़ गया है, क्योंकि स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को ओलंपिक के लिए सीधे क्वालिफिकेशन मिलेगा। ऐसे में हर मुकाबला खिलाड़ियों के लिए अहम है।

11:24 AM, 24-Sep-2026
Asian Games Day 2026 Live: कबड्डी में भारत ने ग्रुप चरण में अजेय रहते हुए सेमीफाइनल में बनाई जगह
भारतीय टीम ने अपना दबदबा कायम रखते हुए चीनी ताइपे को 37-21 से हराया। इस जीत के साथ भारत ने ग्रुप चरण का अंत अजेय रहते हुए किया और सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली। अब भारत पदक से सिर्फ एक कदम दूर है।

11:02 AM, 24-Sep-2026
Asian Games Day 2026 Live: स्क्वैश में अनाहत सिंह की धमाकेदार शुरुआत
अनाहत सिंह ने मुकाबले में शानदार शुरुआत की है। भारतीय स्टार ने सिर्फ तीन मिनट में 7-1 की बढ़त बना ली है। अनाहत अब पहला गेम जल्दी खत्म कर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने की ओर बढ़ रही हैं।

11:01 AM, 24-Sep-2026
Asian Games Day 2026 Live: बॉक्सिंग में जीत के करीब थे सुमित, चोट के कारण मुकाबला छोड़ना पड़ा
दिल तोड़ने वाला पल! सुमित मुकाबले में नियंत्रण बनाए हुए थे और जीत लगभग तय लग रही थी, तभी उनके घुटने में चोट लग गई। इसके बाद वह रिंग में गिर पड़े और मेडिकल टीम तुरंत उनकी मदद के लिए पहुंची। सुमित के लिए आगे खेलना संभव नहीं था। लिहाजा उन्हें चोट के कारण मुकाबला छोड़ना पड़ा और अल-साराय को वॉकओवर के जरिए अगले दौर यानी क्वार्टर फाइनल में जगह मिल गई।

10:59 AM, 24-Sep-2026
Asian Games Day 2026 Live: बैडमिंटन सिंगल्स में लक्ष्य, आयुष और सिंधु को बाई; उन्नति की भिड़ंत उत्तर कोरिया से
एशियन गेम्स 2026 के बैडमिंटन ड्रॉ में भारतीय खिलाड़ियों को अलग-अलग दौर में मुकाबले मिले हैं। पुरुष सिंगल्स में लक्ष्य सेन और आयुष शेट्टी को बाई मिली है, जबकि महिला सिंगल्स में पीवी सिंधु को भी पहले दौर में नहीं खेलना होगा। उन्नति हुड्डा का सामना उत्तर कोरिया की यू मी सोंग से होगा।
पुरुष सिंगल्स
लक्ष्य सेन — बाई
आयुष शेट्टी — बाई
महिला सिंगल्स
पीवी सिंधु — बाई
उन्नति हुड्डा बनाम यू मी सोंग (उत्तर कोरिया)
पुरुष डबल्स
सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी/चिराग शेट्टी बनाम पीराचाई सुकफुन/पक्कापोन तेरारत्साकुल (थाईलैंड)
हरिहरन अम्साकरुनन/अर्जुन एमआर बनाम फजर अल्फियन/मुहम्मद शोइबुल फिकरी (इंडोनेशिया)
महिला डबल्स
ट्रीसा जॉली/गायत्री गोपीचंद बनाम लुई लोक लोक/त्सांग हियू यान (हांगकांग)
काविप्रिया सेल्वम/सिमरन सिंघी बनाम फेब्रियाना द्विपुजी कुसुमा/अमालिया काहाया प्रतिवी (इंडोनेशिया)
मिक्स्ड डबल्स
ध्रुव कपिला/तनीषा क्रास्टो बनाम अहमद निबाल/अमीनाथ नबीहा अब्दुल रज्जाक (मालदीव)
10:29 AM, 24-Sep-2026
Asian Games Day 2026 Live: तलवारबाजी में भवानी देवी और श्रेया गुप्ता अंतिम-16 में पहुंचीं
भवानी देवी और श्रेया गुप्ता ने पूल चरण के बाद नॉकआउट में जगह बना ली है। भवानी पूल-4 में चौथे और श्रेया पूल-2 में तीसरे स्थान पर रहीं। श्रेया को सीधे अंतिम-16 में प्रवेश मिला, जहां उनका सामना दक्षिण कोरिया की जियोन हा-यंग से होगा। मुकाबला सुबह 11 बजे निर्धारित है। जियोन पेरिस ओलंपिक की रजत पदक विजेता और 2025 विश्व चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता हैं। वहीं, भवानी देवी ने अंतिम-32 के मुकाबले में मंगोलिया की ओउलेन तुग्सजारगन को 15-8 से हराकर अंतिम-16 में जगह बनाई।
10:28 AM, 24-Sep-2026
Asian Games Day 2026 Live: कबड्डी में चीनी ताइपे के खिलाफ भारत की मजबूत बढ़त
भारत ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए हाफ टाइम तक चीनी ताइपे के खिलाफ 23-11 की बढ़त बना ली है। भारतीय टीम पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है। इस मुकाबले में जीत से भारत ग्रुप ए में शीर्ष स्थान भी पक्का कर लेगा।

09:46 AM, 24-Sep-2026
Asian Games Day 2026 Live: निशानेबाजी में पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल टीम चौथे स्थान पर, कोई भारतीय फाइनल में नहीं पहुंचा
बालकृष्ण ने छठी सीरीज में 92 अंक जुटाए और इसके साथ ही भारत का अभियान समाप्त हो गया। पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल टीम 1727 के कुल स्कोर के साथ चौथे स्थान पर रही। आकाश भारद्वाज, कमलजीत और केदारलिंग बालकृष्ण उचागनवे में से कोई भी व्यक्तिगत फाइनल के लिए क्वालिफाई नहीं कर सका। इससे पहले महिला एयर पिस्टल टीम भी बिना पदक के लौटी थी।

09:45 AM, 24-Sep-2026
Asian Games Day 2026 Live: निशानेबाजी में एयर पिस्टल में निराशा, स्कीट मिश्रित टीम फाइनल में पहुंची
भारत के लिए पुरुषों की एयर पिस्टल स्पर्धा में निराशाजनक नतीजा रहा। भारतीय निशानेबाज टीम स्पर्धा में पदक हासिल नहीं कर सके और व्यक्तिगत फाइनल के लिए भी क्वालिफाई नहीं कर पाए। हालांकि, स्कीट की मिश्रित टीम ने गुरुवार को शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बना ली है।





