श्रीलंकाई स्पिनरों के लिए खास तैयारी कर रहे हैं गिल
बहुतुले ने भारतीय कप्तान की तैयारी की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि गिल श्रीलंका के स्पिन आक्रमण को ध्यान में रखते हुए अपनी तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘शुभमन अपनी तैयारी को लेकर बहुत गंभीर हैं। वह काफी बारीकी से तैयारी करते हैं और उन्हें पता है कि इस सीरीज में श्रीलंका के सफल स्पिन आक्रमण के खिलाफ क्या चुनौती होगी। उनकी तैयारी उसी के अनुसार हो रही है।’ टीम नेट्स में अलग-अलग परिस्थितियां तैयार कर रही है, ताकि गिल टेस्ट सीरीज के दौरान आने वाली चुनौतियों के लिए खुद को तैयार कर सकें।
देवदत्त पडिक्कल ने मजबूत किया अपना दावा
अभ्यास मैच में शतक लगाने वाले देवदत्त पडिक्कल ने भी प्लेइंग इलेवन के लिए अपना दावा मजबूत किया है। हालांकि, बहुतेले ने कहा कि अंतिम फैसला गॉल की परिस्थितियों और पिच को देखने के बाद लिया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘उन्होंने खुद को अच्छी तरह व्यक्त किया। उन्होंने खूबसूरती से बल्लेबाजी की और वह तैयार हैं। जब हम गॉल जाएंगे और पिच देखेंगे, उसके बाद फैसला लिया जाएगा।’
चार स्पिनरों में से किसे मिलेगा मौका?
भारत के पास इस समय रवींद्र जडेजा, मानव सुथार, सारांश जैन और कुलदीप यादव के रूप में चार स्पिन विकल्प हैं। बहुतेले के मुताबिक चारों की अपनी अलग खासियत है, इसलिए गॉल टेस्ट के लिए टीम चयन आसान नहीं होगा। जडेजा के पास अनुभव है, मानव सुथार अपनी सटीक गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं, जबकि सारांश जैन ने घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन करके टीम में जगह बनाई है।
बहुतुले ने कहा, ‘चारों स्पिनरों में अपनी अलग खासियत है। हमारे पास जडेजा का अनुभव है, मानव सुथार की एक्यूरेसी शानदार है और सारांश ने घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन किया है। वहीं कुलदीप कलाई के स्पिनर हैं और टीम में कलाई के स्पिनर होना हमेशा फायदेमंद होता है, क्योंकि इससे गेंदबाजी में विविधता आती है।’
निचले क्रम की बल्लेबाजी पर भी जोर
भारतीय टीम ने अभ्यास मैच के दौरान निचले क्रम के बल्लेबाजों को भी बल्लेबाजी का पर्याप्त मौका दिया। गुरनूर जैसे गेंदबाजों को बल्लेबाजी का समय दिया गया, ताकि टेस्ट मैचों में निचले क्रम से अतिरिक्त रन मिल सकें।
बहुतुले ने कहा कि टेस्ट क्रिकेट में निचले क्रम के बल्लेबाजों का योगदान टीम के कुल स्कोर को मजबूत करने में काफी महत्वपूर्ण हो सकता है। इसी वजह से टीम उन्हें नेट्स में भी ज्यादा से ज्यादा बल्लेबाजी करने के लिए प्रोत्साहित कर रही है।
डब्ल्यूटीसी फाइनल पर भी भारत की नजर
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की मौजूदा अंक तालिका में भारत पांचवें स्थान पर है। बहुतुले ने कहा कि डब्ल्यूटीसी का यह चक्र भारतीय टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और हर टेस्ट सीरीज अहम है। उन्होंने कहा, ‘डब्ल्यूटीसी का यह चक्र हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है और हर सीरीज अहम है। हमारी कोशिश है कि हम श्रीलंका जाएं, सीरीज जीतें, फाइनल का हिस्सा बनें और डब्ल्यूटीसी भी जीतें।’



