
11:07 AM, 15-Aug-2026
IND vs SL Live Score: भारत को पहला झटका
भारत को 47 के स्कोर पर पहला झटका लगा। यशस्वी जायसवाल 32 रन बनाकर रन आउट हुए। उन्होंने अपनी 37 गेंद की पारी में पांच चौके लगाए। अचानक हुए बेहद खराब तालमेल के कारण यशस्वी जायसवाल रन आउट हो गए। दरअसल, एक रन रोकने की कोशिश में दाईं ओर डाइव लगाते हुए गेंदबाज केशारा नुवंथा जायसवाल के सामने आ गए। जायसवाल का संतुलन बिगड़ गया और वह जमीन पर गिर पड़े। हालांकि, केएल राहुल तब तक रन के लिए दौड़ चुके थे और आसान सिंगल होने के कारण पिच के बीच तक पहुंच गए थे। जैसे ही राहुल ने जायसवाल को गिरते देखा, उन्होंने दौड़ना रोक दिया। लेकिन जायसवाल उठे और एक कदम आगे बढ़कर संकेत दिया कि वह फिर से रन लेना चाहते हैं। इसके तुरंत बाद उन्होंने पीछे की ओर लौटने की कोशिश की और गेंदबाज वाले छोर की क्रीज में वापस जाने लगे। राहुल ने सोचा कि यशस्वी रन लेना चाहते हैं और वह भी नॉन स्ट्राइकर की ओर दौड़ पड़े। तब तक प्रभात जयसूर्या ने गेंदबाज डिकवेला को गेंद फेंक दी थी। नतीजा यह हुआ कि दोनों बल्लेबाज एक ही छोर पर पहुंच गए। डिकवेला ने गिल्लियां हटा दीं और यशस्वी को पवेलियन भेजा। राहुल ने अपना बल्ला पहले क्रीज में रखा था, जिसके कारण जायसवाल रन आउट हो गए। फिलहाल केएल राहुल और देवदत्त पडिक्कल क्रीज पर हैं। भारत ने 14 ओवर के बाद एक विकेट गंवाकर 61 रन बना लिए हैं।
10:47 AM, 15-Aug-2026
IND vs SL Live Score: राहुल-यशस्वी क्रीज पर
केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल क्रीज पर हैं। दोनों संभलकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों ने अच्छी गेंदों का सम्मान किया है, जबकि खराब गेंदों पर चौका जड़ रहे हैं। श्रीलंका की गेंदबाजी अभी तक कुछ खास नहीं दिखी है।
10:08 AM, 15-Aug-2026
IND vs SL Live Score: मुकाबला शुरू
भारत के ओपनर्स केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल क्रीज पर हैं। टीम इंडिया ने गुरनूर पर प्रसिद्ध को तरजीह दी है। टीम इंडिया अपने 600वें टेस्ट को जीतकर ऐतिहासिक बनाना चाहेगी।
09:41 AM, 15-Aug-2026
IND vs SL Live Score:
स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर, श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच की शुरुआत से पहले भारतीय क्रिकेट टीम गॉल में इकट्ठा हुई और तिरंगा फहराया। बीसीसीआई ने इसका वीडियो भी शेयर किया है।
Captain Shubman Gill wins the toss and elects to bat first at Galle.
A look at our Playing XI for the game.
Live – https://t.co/bg2q0J2x1f #SLvIND pic.twitter.com/ll2Xa9sTm3
— BCCI (@BCCI) August 15, 2026
09:34 AM, 15-Aug-2026
IND vs SL Live Score: दोनों टीमों की प्लेइंग-11
भारत: यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल, शुभमन गिल (कप्तान), देवदत्त पडिक्कल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, ध्रुव जुरेल, कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा।
श्रीलंका: लाहिरू उदारा, निशान मदुश्का, दिनेश चांदीमल, कामिंदु मेंडिस, धनंजय डिसिल्वा (कप्तान), सोनल दिनुशा, निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), केशरा नुवांथा, प्रभात जयसूर्या, लाहिरू कुमारा, असिथा फर्नांडो।
09:32 AM, 15-Aug-2026
IND vs SL Live Score: भारत ने जीता टॉस
श्रीलंका के खिलाफ गॉल टेस्ट में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। टीम इंडिया तीन स्पिनर्स के साथ उतरी है। वहीं, श्रीलंका के कप्तान धनंजय डिसिल्वा ने भी कहा कि वह टॉस जीतते तो पहले बल्लेबाजी का फैसला करते। श्रीलंकाई टीम दो तेज गेंदबाज, दो स्पिनर्स और दो ऑलराउंडर्स के साथ उतरी है। ऑफ स्पिनर केशारा नुवंथा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करेंगे। 25 वर्षीय नुवंथा को उनकी टेस्ट कैप मिल गई है। उन्होंने अभ्यास मैच में केएल राहुल, शुभमन गिल और ऋषभ पंत को आउट किया था।
09:27 AM, 15-Aug-2026
IND vs SL Live Score: भारत का 600वां टेस्ट मैच
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर शुभमन गिल के पास भारत को उसके ऐतिहासिक 600वें टेस्ट मैच में नेतृत्व करने का गौरव होगा। भारत से ज्यादा टेस्ट मैच सिर्फ इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया ने खेले हैं।
09:25 AM, 15-Aug-2026
IND vs SL Live Score: केशारा नुवंथा का अंतरराष्ट्रीय डेब्यू
ऑफ स्पिनर केशारा नुवंथा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करेंगे। 25 वर्षीय नुवंथा को उनकी टेस्ट कैप मिल गई है। उन्होंने अभ्यास मैच में केएल राहुल, शुभमन गिल और ऋषभ पंत को आउट किया था।
09:22 AM, 15-Aug-2026
IND vs SL Live Score: WTC फाइनल में पहुंचना मुख्य लक्ष्य
शुभमन गिल ने मैच से एक दिन पहले कहा, ‘जाहिर तौर पर हमारा मुख्य लक्ष्य अगले साल होने वाले विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में खेलना है। हमारे पास करीब नौ टेस्ट मैच हैं और मुझे लगता है कि अच्छी संभावना बनाए रखने के लिए हमें इनमें से लगभग छह या सात मैच जीतने होंगे। इसलिए इस लिहाज से यह सीरीज हमारे लिए बेहद महत्वपूर्ण है और हमने सीरीज से पहले सही तरह की तैयारी की है।’
09:22 AM, 15-Aug-2026
IND vs SL Live Score: गिल और गंभीर हर हाल में जीतना चाहेंगे यह सीरीज
शुभमन गिल के कप्तानी दौर की शुरुआत इंग्लैंड के खिलाफ 2-2 की शानदार ड्रॉ सीरीज के साथ हुई थी, लेकिन घरेलू मैदान पर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 0-2 की करारी हार ने उनकी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) फाइनल की उम्मीदों को थोड़ा झटका दिया है। हालांकि, अभी वापसी का समय है और यही वजह है कि दो टेस्ट मैचों की यह सीरीज जीतना बेहद अहम है। इसके बाद भारत को न्यूजीलैंड का मुश्किल दौरा करना है, जहां दो और टेस्ट मैच खेले जाएंगे। इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए भारत का दौरा करेगी। कोच गौतम गंभीर के लिए भी टेस्ट प्रारूप में अब तक का सफर आसान नहीं रहा है। उनकी कोचिंग में भारत को न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज गंवानी पड़ी है। इनमें से दो सीरीज घरेलू मैदान पर हारी गईं। गंभीर चाहेंगे कि टीम इन खराब नतीजों को पीछे छोड़कर बेहतर प्रदर्शन करे और विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में जगह बनाने में सफल हो।




