
मेरठ-करनाल हाईवे पर बिडौली गुरुद्वारे के सामने बुधवार को हादसा हो गया। चावल से लदा एक ट्रक डिवाइडर से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर दूसरी लेन में पलट गया। हादसे के तुरंत बाद ट्रक में भीषण आग लग गई। आग की लपटों में घिरे चालक को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला और उसकी ट्रक के अंदर ही जलकर मौत हो गई।
करण विहार करनाल निवासी बिंदर (45) ट्रक संख्या एचआर-45बी-4329 में मुजफ्फरनगर से चावल लादकर करनाल जा रहा था। बिडौली गुरुद्वारे के सामने अचानक ट्रक डिवाइडर से जा टकराया। टक्कर के बाद ट्रक बेकाबू होकर दूसरी लेन में पलट गया। इसी दौरान निकली चिंगारी से ट्रक में आग भड़क उठी और देखते ही देखते पूरा वाहन आग की लपटों में घिर गया।
हादसा होते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने चालक को ट्रक से बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन उसका एक हाथ ट्रक के नीचे दबा होने के कारण उसे बाहर नहीं निकाला जा सका। आग लगातार विकराल होती गई और देखते ही देखते चालक ने ट्रक के अंदर ही दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने चालक के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गई। एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है




