Search
Home » नेशनल » सोनू निगम के कॉन्सर्ट पर विवाद:कर्नाटक रक्षणा वेदिके ने पुलिस से की अनुमति न देने की मांग; विरोध की चेतावनी – Sonu Nigam Concert Controversy: Karnataka Rakshana Vedike Seeks Ban On Bengaluru Show

सोनू निगम के कॉन्सर्ट पर विवाद:कर्नाटक रक्षणा वेदिके ने पुलिस से की अनुमति न देने की मांग; विरोध की चेतावनी – Sonu Nigam Concert Controversy: Karnataka Rakshana Vedike Seeks Ban On Bengaluru Show

Share Now :

WhatsApp
Share This

गायक सोनू निगम के बंगलूरू में होने वाले कॉन्सर्ट को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। कर्नाटक रक्षणा वेदिके के संयोजक टीए नारायण गौड़ा ने पुलिस आयुक्त को पत्र लिखकर 24 अक्तूबर को होने वाले कार्यक्रम की अनुमति नहीं देने की मांग की है। संगठन का आरोप है कि सोनू निगम ने अप्रैल 2025 में एक कॉलेज के संगीत कार्यक्रम के दौरान कन्नड़ भाषियों की भाषाई अस्मिता की तुलना पहलगाम आतंकी हमले से करके उनकी भावनाओं को ठेस पहुंचाई थी।

नारायण गौड़ा ने चेतावनी दी है कि अगर कार्यक्रम को अनुमति दी गई, तो संगठन राज्यभर में विरोध प्रदर्शन कर सकता है। उन्होंने पुलिस से सार्वजनिक शांति और कानून-व्यवस्था पर पड़ने वाले संभावित असर को ध्यान में रखते हुए जल्द निर्णय लेने की अपील की है।

24 अक्तूबर को होना है सोनू निगम का कार्यक्रम

नारायण गौड़ा ने 14 अक्तूबर को बंगलूरू पुलिस आयुक्त को पत्र लिखा। इसमें उन्होंने बताया कि सोनू निगम का कार्यक्रम 24 अक्तूबर को शाम सात बजे बंगलूरू के थानिसंद्रा मेन रोड स्थित भारतीय मॉल में प्रस्तावित है। यह कार्यक्रम ‘द रिवोल्यूशन इंडिया टूर’ के तहत आयोजित किया जाना है। संगठन ने पुलिस से मांग की है कि कार्यक्रम के आयोजन की अनुमति न दी जाए। पत्र में कहा गया है कि अनुमति मिलने से लोगों में नाराजगी बढ़ सकती है और बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन होने की आशंका है।

कन्नड़ गाने की मांग पर टिप्पणी से शुरू हुआ विवाद

कर्नाटक रक्षणा वेदिके के अनुसार, अप्रैल 2025 में बंगलूरू के एक कॉलेज में आयोजित संगीत कार्यक्रम के दौरान दर्शकों ने सोनू निगम से कन्नड़ गाना गाने का अनुरोध किया था। संगठन का आरोप है कि इस दौरान गायक की टिप्पणी से कन्नड़ भाषियों की भावनाएं आहत हुईं। नारायण गौड़ा ने अपने पत्र में कहा कि किसी कलाकार से कन्नड़ गाना गाने का अनुरोध करना कोई अपराध नहीं है। संगठन ने इसी मुद्दे को उठाते हुए कार्यक्रम की अनुमति नहीं देने की मांग की है।

पहले भी दर्ज कराई गई थी शिकायत

पत्र के मुताबिक, कर्नाटक रक्षणा वेदिके की बंगलूरू शहरी जिला इकाई के अध्यक्ष टीए धर्मराज ने 2 मई 2025 को अवलाहल्ली पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में सोनू निगम की कथित टिप्पणी को लेकर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई थी।

कार्यक्रम हुआ तो राज्यभर में आंदोलन की चेतावनी

नारायण गौड़ा ने पत्र में कहा कि यदि सोनू निगम के कॉन्सर्ट को अनुमति दी जाती है, तो संगठन राज्यभर में विरोध प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होगा। उन्होंने कहा कि कन्नड़ भाषियों के आत्मसम्मान से बढ़कर किसी कलाकार का कार्यक्रम नहीं है। संगठन ने अधिकारियों से अपने पत्र पर जल्द फैसला लेने और की गई कार्रवाई की जानकारी लिखित रूप में देने की मांग भी की है। फिलहाल, इस मामले में पुलिस की ओर से अनुमति को लेकर कोई निर्णय सामने आने की जानकारी नहीं है।

Published On

Leave a Comment

Other News